मैनपाट. सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में शनिवार को बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया. कैंप-2 स्थित घुनघंटा पुल पर नदी पार करने के दौरान एक युवक और युवती तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की तत्परता से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि युवक तेज धार में बहकर लापता हो गया.
तेज बहाव के बीच पुल पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार को एक युवक और युवती घुनघंटा पुल से गुजर रहे थे. इसी दौरान नदी का बहाव काफी तेज था. पुल पार करते समय दोनों अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और नदी में बहने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के लिए प्रयास किया और युवती को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली. वहीं युवक पानी की तेज धार में बह गया और उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.
पुलिस-प्रशासन ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. लापता युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया गया. नदी के आसपास के इलाकों में तलाश की जा रही है. देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था. लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
केरल के रहने वाले बताए जा रहे छात्र
प्रारंभिक जानकारी में युवक और युवती केरल के रहने वाले छात्र बताए जा रहे हैं, जो मैनपाट घूमने के लिए आए थे. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक दोनों की पहचान और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लापता युवक की तलाश जारी है.
बारिश के मौसम में बढ़ा नदी-नालों का खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण मैनपाट क्षेत्र के नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है. ऐसे में तेज बहाव वाले पुलों और नदी-नालों को पार करना जानलेवा साबित हो सकता है. प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों के पास जाने से बचें और तेज बहाव वाले पुलों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं.
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है. युवक के मिलने के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.



