Explore

Search

October 6, 2026 4:18 am

लेटेस्ट न्यूज़

धोखाधड़ी से जमीन हड़पने के मामले में रंजय जायसवाल सहित अन्य गिरफ्तार

सरगुजा, जमीन की खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्वक की गई रजिस्ट्री के मामले में रघुनाथपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जमीन से संबंधित मूल रजिस्ट्रेशन दस्तावेज भी जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम उचडीह निवासी मंगली बाई ने रघुनाथपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी जमीन खसरा नंबर 29/2 एवं 61/2, जिसका क्षेत्रफल क्रमशः 0.284 एवं 0.081 हेक्टेयर है, बेचना चाहती थी। इसी दौरान आरोपी रंजय कुमार जायसवाल ने छेरतु यादव के माध्यम से उनसे संपर्क किया और जमीन का सौदा 10 लाख रुपये में तय किया।

आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को रंजय कुमार जायसवाल प्रार्थिया और उसके पुत्र को झांसा देकर अंबिकापुर रजिस्ट्री कार्यालय ले गया और वहां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। आरोपी ने घर पहुंचकर रकम देने का भरोसा दिलाया, लेकिन इसके बजाय कथित रूप से छल-कपट कर प्रार्थिया की मंदबुद्धि रिश्तेदार और उसके पुत्र के नाम दर्ज अन्य कीमती जमीनों की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करा ली। इसके बाद जमीन की बिक्री की कोई राशि नहीं दी गई।

मामले का खुलासा होने के बाद रघुनाथपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/26, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी तरह गंगापुर निवासी धनेश्वरी पनिका के साथ भी कथित तौर पर षड्यंत्रपूर्वक धोखाधड़ी करने के मामले में अपराध क्रमांक 230/26, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इस प्रकरण में रंजय कुमार जायसवाल के साथ अमरसाय मानिकपुरी को भी आरोपी बनाया गया।

पुलिस की लगातार पतासाजी के बाद गिरफ्तारी

मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने रघुनाथपुर पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

निर्देश के बाद पुलिस टीम ने लगातार आरोपियों की तलाश की। पूछताछ के दौरान रंजय कुमार जायसवाल (42 वर्ष), निवासी बटवाही ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं दूसरे प्रकरण में रंजय कुमार जायसवाल तथा अमरसाय मानिकपुरी (30 वर्ष), निवासी गंगापुर धनौलीपारा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मामले से संबंधित मूल जमीन रजिस्ट्रेशन दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी भोले-भाले लोगों को झांसा देकर षड्यंत्रपूर्वक जमीन की रजिस्ट्री कराने में संलिप्त थे। पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। भू-माफिया एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

सम्पूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, प्रधान आरक्षक नारायण चौधरी, महिला आरक्षक अखबरी खातून, आरक्षक इदरीश खान, उमेश खुटिया, संजय केरकेट्टा, आशीष निश्चल एवं नेस्दोर कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर