कोरबा/कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र से सामने आया महिला की संदिग्ध मौत का मामला अब और गहराता जा रहा है। घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से 35 वर्षीय संतोषी उरांव का सड़ा-गला शव बरामद होने के बाद फरार चल रहे उसके पति मनोज उरांव को पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, शव बरामद होने के बाद से ही आरोपी पति की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर श्यांग पुलिस ने अंबिकापुर में घेराबंदी कर मनोज उरांव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोरबा लाया गया है, जहां उससे घटना को लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है।
मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के अवसर पर मायके जाने को लेकर संतोषी उरांव और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान संतोषी के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मौत के बाद शव को घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया।
सेप्टिक टैंक से शव मिलने के बाद मचा हड़कंप
महिला का शव घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से मिलने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी पति की तलाश तेज कर दी थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी मनोज उरांव से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि संतोषी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को सेप्टिक टैंक में किस तरह छिपाया गया।



