अंबिकापुर। गणेश विसर्जन के दौरान अंबिकापुर में वाहन को साइड देने की बात को लेकर हुए विवाद में प्रशिक्षु डीएसपी के साथ मारपीट और उनके निजी वाहन में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में छह संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दरिमा थाना में थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे गणेश विसर्जन के दौरान मणिपुर थाना क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान वाहन को साइड देने की बात को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि हुड़दंगियों ने प्रशिक्षु डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके निजी वाहन को भी निशाना बनाया और उसमें तोड़फोड़ कर दी। गणेश विसर्जन के दौरान हुई इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद किस बात से शुरू हुआ और मारपीट व वाहन में तोड़फोड़ में किन-किन लोगों की संलिप्तता थी, इसे लेकर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गणेश विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिस अधिकारी के साथ हुई मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



