Explore

Search

October 31, 2026 4:04 pm

लेटेस्ट न्यूज़

22 कैरेट बताकर 18 कैरेट का सोना बेचने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कम शुद्धता वाले सोने को 22 कैरेट बताकर आम लोगों को बेचने और गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण हासिल करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में कोरबा, रायपुर और दिल्ली के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने के आभूषण, नकदी, डिजिटल तौल मशीन, बैंक जमा पर्ची और वारदात में इस्तेमाल की गई आई-10 कार जब्त की है।
घटना का खुलासा ग्राम कोरबी धतुरा निवासी संजय श्रीवास (46) की शिकायत पर हुआ। संजय ने सिविल लाइन रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गांव के इंद्रेश साहू ने उन्हें 3.75 ग्राम वजन का 22 कैरेट सोने का लॉकेट होने की जानकारी दी थी। इसकी कीमत 49 से 50 हजार रुपये बताते हुए 45 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। 28 अक्टूबर को इंद्रेश अपने साथियों के साथ सफेद कार से घंटाघर के पास पहुंचा और संजय से 45 हजार रुपये लेकर लॉकेट सौंप दिया।

संदेह होने पर संजय ने लॉकेट की जांच दिव्य ज्वेलर्स में कराई। जांच में लॉकेट 22 कैरेट के बजाय 18 कैरेट का निकला। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लॉकेट जब्त किया और घेराबंदी कर मुख्य आरोपी इंद्रेश कुमार साहू को उसके तीन साथियों के साथ घटना में प्रयुक्त आई-10 कार समेत गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आपस में समन्वय बनाकर सोने के आभूषणों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति करते थे। वे 18 या 20 कैरेट शुद्धता वाले आभूषणों को 22 कैरेट का बताकर ग्राहकों को बेचते थे। इसके अलावा कम शुद्धता वाले आभूषणों को अधिक कैरेट का बताकर विभिन्न गोल्ड लोन संस्थाओं में गिरवी रखते और ऋण हासिल करते थे। इससे होने वाली कमाई आपस में बांट लेते थे।
पुलिस अब गोल्ड लोन कंपनियों से जुड़े लेन-देन और गिरोह के अन्य संपर्कों की जांच कर रही है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर