Explore

Search

August 31, 2026 12:07 pm

लेटेस्ट न्यूज़

24 घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ संपन्न, नशामुक्ति सद्भावना रैली में दिया नशामुक्त समाज का संदेश

अंबिकापुर। भगवती मानव कल्याण संगठन जिला इकाई अंबिकापुर के तत्वावधान में नगर माता राजमोहनी भवन, एमजी रोड में 24 घंटे के अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। 29 अगस्त को सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ यह पाठ 30 अगस्त को सुबह 11 बजे संपन्न हुआ। इस दौरान नगरवासियों ने भी अखंड चालीसा पाठ में शामिल होकर इसका लाभ लिया।

कार्यक्रम के तहत 30 अगस्त को सुबह 9 बजे शहर में नशामुक्ति सद्भावना रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। रैली के बाद दुर्गा चालीसा पाठ का समापन हुआ। इसके उपरांत माता भगवती आदिशक्ति जगतजननी जगदंबा एवं परमपूज्य गुरुवर शक्तिपुत्र जी महाराज की आरती संपन्न की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में नशा एक बड़ी महामारी का रूप ले चुका है। नशे को अपने जीवन से दूर रखना ही व्यक्ति और समाज के हित में है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण मनुष्य पतन की ओर बढ़ रहा है तथा इससे उसकी शारीरिक, मानसिक और आर्थिक क्षति हो रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि यदि हमें मनुष्य जीवन मिला है तो निश्चित रूप से इसका कोई उद्देश्य भी है। परमपूज्य गुरुवर ने प्रत्येक मनुष्य के तीन कर्तव्य बताए हैं—धर्म की रक्षा, राष्ट्र की रक्षा और मानवता की सेवा। इसलिए सभी को इन विचारों को अपने जीवन में धारण करना आवश्यक है।

अजय अवस्थी ने कहा कि धर्म को धारण करने से व्यक्ति का कल्याण निश्चित है। माता भगवती हमारी आत्मा की मूल जननी हैं और हमें जीवन में आत्मवान होकर जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन की परेशानियों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। धर्मनिष्ठ होकर आगे बढ़ने पर ऐसी कोई समस्या नहीं है, जिसका समाधान प्राप्त न किया जा सके।

उन्होंने कहा कि परमपूज्य गुरुवर ने संगठन से जुड़े लोगों को मां की भक्ति का सार बताया है। जीवन की समस्याएं केवल बाहर नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर भी होती हैं। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के सूत्र वाक्य को जीवन में निरंतर अमल में लाने की आवश्यकता है। हमें दूसरों पर विजय प्राप्त करने के बजाय स्वयं पर विजय प्राप्त करनी चाहिए तथा अपने भीतर की बुराइयों को दूर करना चाहिए। इसके लिए धर्म के मार्ग पर चलना आवश्यक है।

उन्होंने भगवती मानव कल्याण संगठन के नशामुक्त, मांसाहार मुक्त, चरित्रवान एवं चेतनावान समाज के निर्माण के उद्देश्य से पूरे जिले सहित प्रदेशभर में अधिक से अधिक लोगों को इस विचारधारा से जोड़ने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन के जिला अध्यक्ष द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर