अंबिकापुर, दर्रीपारा में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मणीपुर थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, दर्रीपारा निवासी गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने 30 अगस्त को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे साहिल साहू, राजा साहू सहित अन्य लोग उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायत के आधार पर थाना मणीपुर में अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 296, 351(3), 115(2), 333 एवं 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के आधार पर पुलिस ने साहिल साहू (22), आयुष बरला (19), सुनील साहू (47) और अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू (55) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी दर्रीपारा, अंबिकापुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नरीता सोरी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शशिकान्त ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय सहित थाना मणीपुर एवं साइबर सेल के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



