Explore

Search

August 21, 2026 4:49 am

लेटेस्ट न्यूज़

आंगनबाड़ी की निगरानी पर सवाल, परियोजना अधिकारी ने झाड़ा पल्ला : पानी भरे गड्ढे में डूबे दो मासूम, एक की मौत

लुण्ड्रा। लुण्ड्रा स्टेडियम के समीप निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के पीछे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरपारा निवासी ऋतिक और जया, दोनों की उम्र करीब 5 वर्ष, गुरुवार सुबह आंगनबाड़ी केंद्र पढ़ने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि करीब 10 से 11 बजे के बीच दोनों बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के समीप खेल रहे थे. इसी दौरान वे पानी से भरे निर्माणाधीन परिसर के गड्ढे में जा गिरे.

बच्चों के डूबने की हल्की आवाज सुनकर आंगनबाड़ी केंद्र में मध्यान्ह भोजन तैयार कर रही सहायिका मौके पर पहुंची. बच्चों को गड्ढे से बाहर निकालने के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तत्काल लुण्ड्रा अस्पताल ले जाया गया.

अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने जया को मृत घोषित कर दिया, जबकि ऋतिक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि ऋतिक की हालत नाजुक बनी हुई है.

निर्माणाधीन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. आखिरकार निर्माणाधीन परिसर में खुले और पानी से भरे गड्ढे को सुरक्षित क्यों नहीं किया गया.? यदि वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो क्या इस हादसे को टाला जा सकता था—यह सवाल अब जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है.

परियोजना अधिकारी के जवाब पर भी सवाल

मामले को लेकर जब लुण्ड्रा परियोजना अधिकारी रजनी कुजूर से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन पर मामले के संबंध में जानकारी देने के बजाय कहा कि जो भी बात करनी है, कार्यालय में उपस्थित होकर करें.

मासूम की मौत जैसे गंभीर मामले में जिम्मेदार अधिकारी की ओर से फोन पर स्पष्ट जानकारी नहीं दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, हादसे की वास्तविक जिम्मेदारी किसकी है और आंगनबाड़ी केंद्र, निर्माणाधीन स्थल अथवा संबंधित विभाग की ओर से सुरक्षा में कोई लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम की जान चली गई है और दूसरा बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. घटना ने निर्माणाधीन सरकारी परिसरों के आसपास बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले में प्रशासन द्वारा जांच कर जिम्मेदारी तय किए जाने की जरूरत है.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर