सरगुजा. अंबिकापुर से रायगढ़ जाने वाली सड़क की हालत एक बार फिर शहरवासियों और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रही है. भारत माता चौक से दरिमा नाका के बीच सड़क मानो पूरी तरह गायब हो चुकी है. वहां लबालब भरा पानी के अलावा कुछ नहीं दिख रहा. वाहन और पैदल दोनों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है.
पिछले साल की बारिश में भी यही हालत थी. तब मेयर सहित सरगुजा सांसद खुद लबालब भरे पानी में उतरे थे. मरम्मत का नाटक करते हुए फोटो खिंचवाए गए और सोशल मीडिया पर वायरल किए गए. स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बाद करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क की मरम्मत कराई गई थी. लेकिन एक साल भी पूरा नहीं हुआ कि सड़क फिर पुरानी हालत में लौट आई है. स्थानीय लोग गुस्से में हैं. उनका कहना है कि हर बारिश में यही नाटक दोहराया जाता है. मरम्मत के नाम पर करोड़ों खर्च होते हैं, लेकिन गुणवत्ता और स्थायित्व पर ध्यान नहीं दिया जाता. नतीजा यह कि हर मानसून में सड़क डूब जाती है और आम लोगों की जान खतरे में पड़ जाती है.
अभी भी सड़क पर पानी भरा होने से यातायात बाधित है. वाहन फंसने और दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है.
शहरवासी मांग कर रहे हैं कि स्थायी समाधान निकाला जाए, न कि सिर्फ फोटो और वायरल के लिए पानी में उतरने का नाटक किया जाए.
सरकार और प्रशासन से तुरंत प्रभावी मरम्मत और लंबे समय तक टिकने वाले निर्माण की मांग जोर-शोर से उठ रही है.



