बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अरपा नदी स्थित पचरीघाट से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 139 नग नशीली टेबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की ₹1,000 नकद राशि तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पचरीघाट क्षेत्र में एक युवक नशीली टेबलेट और गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी देवेन्द्र इंगले (23 वर्ष), निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 139 नग NITRAZEPAM एवं NITROSUN नशीली टेबलेट, 800 ग्राम गांजा, ₹1,000 नकद और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG-10/3568) बरामद हुई।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 446/2026 दर्ज कर धारा 21(B), 22(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन, इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान तथा अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




