कोरबा – ऊर्जाधानी कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रही है। मरीजों के इलाज के लिए आए लोगों की गाड़ियां भी यहां सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर के ठीक सामने से एक पत्रकार की मोटर सायकल दिनदहाड़े चोरी हो गई। पीड़ित की मां अस्पताल में भर्ती है और बाइक चोरी होने से उसे इलाज कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम सरई सिंगार, हरदीबाजार निवासी कैलाशु पटेल सीजी एक्सप्रेस पोर्टल के जिला ब्यूरोचीफ हैं। उनकी माता बिषुन कलिहारी 10 जुलाई 2026 से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में भर्ती होकर इलाजरत हैं। मां की सेवा के लिए कैलाशु पटेल रोजाना अस्पताल आ-जा रहे थे,दिनांक *15.07.2026 दिन बुधवार, शाम लगभग 5:00 बजे कैलाशु पटेल अपनी मोटर सायकल क्रमांक CG 15 CD 0882 को ट्रामा सेंटर के सामने सड़क किनारे खड़ी कर पीजी कॉलेज के सामने फोटोकॉपी कराने गए थे। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां से गायब थी।
आसपास तलाशा, नहीं मिला कोई सुराग
पीड़ित ने बताया कि बाइक गायब होने के बाद उन्होंने पूरे अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में काफी खोजबीन की। दुकानदारों और लोगों से पूछताछ की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन अब तक कोई फुटेज उपलब्ध नहीं कराया गया है।
“मां बीमार, बाइक नहीं तो इलाज कैसे” – पीड़ित की व्यथा
कैलाशु पटेल ने बताया कि मां की गंभीर बीमारी के कारण उन्हें रोजाना दवाएं लाने, जांच कराने और घर से अस्पताल आने-जाने के लिए बाइक की सबसे ज्यादा जरूरत थी। बाइक चोरी होने के बाद उन्हें ऑटो और टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
उन्होंने कहा, _”जब जिला अस्पताल जैसा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाला इलाका ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता कहां जाएगी? प्रशासन को मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।”_
सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में पीड़ित पत्रकार ने दिनांक 21.07.2026 को सिविल लाइन थाना रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में अज्ञात चोर के विरुद्ध *BNS की धारा 303(2)* के तहत FIR दर्ज कर मोटर सायकल बरामद करने की मांग की गई है,थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद मरीजों के परिजनों में दहशत है। लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में न तो पर्याप्त सुरक्षा गार्ड हैं और न ही सीसीटीवी कैमरे सही से काम कर रहे हैं। आए दिन वाहन चोरी और सामान गुम होने की शिकायतें मिलती रहती हैं। स्थानीय नागरिकों और पत्रकार संगठनों ने मांग की है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तत्काल अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करे, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।




