Explore

Search

May 28, 2026 1:59 am

लेटेस्ट न्यूज़

गंगा दशहरा पर माँ महामाया सरोवर में भव्य दीपदान एवं गंगा आरती आयोजित

रिपोर्टर,,,, कृष्ण नाथ टोप्पो,,, बलरामपुर 

राजपुर. बलरामपुर जिले के राजपुर नगर में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप स्थित माँ महामाया गंगा दशहरा सरोवर में भव्य गंगा आरती एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाम 7 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने माँ गंगा का स्मरण कर विधिवत पूजन-अर्चना किया तथा दीपदान कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास गुप्ता एवं नगरवासियों के सहयोग से किया गया। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण देखने को मिला। सरोवर परिसर को दीपों की रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आकर्षक नजर आया। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

गंगा आरती माँ महामाया मंदिर के पुजारी राघवेंद्र पांडे एवं नगर के प्रसिद्ध पुजारी विराट महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई। आरती के दौरान श्रद्धालु “हर हर गंगे” और “जय माँ गंगे” के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे। श्रद्धालुओं ने सरोवर में दीप प्रवाहित कर माँ गंगा से परिवार और नगर की खुशहाली की प्रार्थना की।

हालांकि कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत राजपुर द्वारा सरोवर परिसर में लगाई गई कुछ लाइटें फ्यूज हो गई थीं, जिससे कुछ जगह अंधेरा छा गया। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। नगरवासियों ने दीपकों की रोशनी में ही गंगा आरती एवं पूजन जारी रखा। दीपों से जगमगाते सरोवर का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष जय गोपाल अग्रवाल, संतोष पांडे, पुरनचंद जायसवाल, रामप्रकाश सोनी, रानू, नीरज शर्मा, संतोष तिवारी, संजय सोनी, नीरू शर्मा, राकेश जायसवाल, धर्मेंद्र गुप्ता, अमन सोनी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से गंगा आरती में भाग लेकर धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर युवा एवं महिला सेवा समिति, राजपुर (महुआपारा) की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सहभागिता बनाए रखने की अपील की गई।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर