Explore

Search

November 1, 2026 3:24 pm

लेटेस्ट न्यूज़

खुटगांव मार्ग बदहाल, स्कूली बच्चों से लेकर मरीजों तक की बढ़ी परेशानी

देशबंधु नेताम 
देवभोग। गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र अंतर्गत केनदुबंद से खुटगांव को जोड़ने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी गिट्टियों के कारण ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की अनदेखी के चलते सड़क की मरम्मत नहीं हो पा रही है।

स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें
इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने जाते हैं। जर्जर सड़क के कारण उनकी साइकिलें पंक्चर हो जाती हैं और कई बार गिरने का खतरा बना रहता है। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता सताती रहती है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
एंबुलेंस और व्यापार भी प्रभावित
सड़क की बदहाली का असर मरीजों, किसानों और व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। खराब रास्ते के कारण एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो सकता है। वहीं, कृषि उपज और अन्य सामान के परिवहन में भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिम्मेदार विभाग की चुप्पी पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से केनदुबंद-खुटगांव मार्ग की जल्द मरम्मत कराने तथा आवश्यकतानुसार डामरीकरण या पैचवर्क कराने की मांग की है, ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर