Explore

Search

October 22, 2026 4:02 am

लेटेस्ट न्यूज़

बसों के तय रूट से न चलने को लेकर उपजे विवाद के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बैठक

रिपोर्टर,,, कृष्ण नाथ टोप्पो

राजपुर। अंबिकापुर से बलरामपुर के बीच चलने वाली रात्रि यात्री बसों के तय रूट से न चलने को लेकर उपजे विवाद के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। बुधवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों और बस संचालकों के बीच हुई चर्चा के बाद 22 अक्टूबर को गांधी चौक पर प्रस्तावित चक्काजाम को अस्थायी रूप से टाल दिया गया है।

क्या था मामला

अंबिकापुर-बलरामपुर मार्ग पर रात्रि बसें निर्धारित रूट से न चलकर अन्य रास्तों से जा रही थीं, जिससे स्थानीय यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को लेकर जिला युवा कांग्रेस नेता राहुल गुप्ता के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), राजपुर को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में सभी यात्री बसों का संचालन राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 (राजपुर मार्ग) से नियमित कराने की मांग की गई थी। साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी गई थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो 22 अक्टूबर को गांधी चौक पर उग्र चक्काजाम किया जाएगा।

बैठक में निकला हल:

आंदोलन की चेतावनी के बाद बुधवार को एसडीएम कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों, आरटीओ बलरामपुर, जनप्रतिनिधियों एवं बस संचालकों की एक अहम बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान बस संचालकों ने सड़क पर बने गड्ढों की समस्या को प्रमुखता से उठाया, जिस पर सड़क मरम्मत का कार्य जल्द कराने पर चर्चा हुई। वहीं, आरटीओ बलरामपुर ने रात्रि कालीन बस संचालकों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग से बसों का परिचालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों और संचालकों से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद युवा कांग्रेस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने 22 अक्टूबर को होने वाले चक्काजाम आंदोलन को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सड़क सुधार और रूट पर नियमित बस संचालन की व्यवस्था पूरी नहीं हुई, तो वे पुनः आंदोलन की राह पकड़ने को बाध्य होंगे।

बैठक के दौरान राजपुर एसडीएम अनमोल टोप्पो बलरामपुर आरटीओ यशवंत यादव संतोष सिंह राहुल गुप्ता विश्वास गुप्ता राहुल भारती विद्यानंद दुबे बबलू यादव सोनू यादव तेजप्रताप सिंह बाबू सहित बस संचालक मौजूद रहे।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर