Explore

Search

October 21, 2026 3:56 am

लेटेस्ट न्यूज़

दशहरा पर्व पर अंबिकापुर में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 10 स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था,भारी वाहनों का प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध

अंबिकापुर। दशहरा पर्व के अवसर पर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा से बचाने के लिए सरगुजा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में 20 अक्टूबर 2026 को शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा, वहीं पार्किंग के लिए 10 स्थान निर्धारित किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
दोपहर 2 बजे से लागू होगी व्यवस्था
सरगुजा पुलिस के अनुसार, दशहरा पर्व के दौरान 20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर शाम 3 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को शहर में आने-जाने की छूट दी जाएगी।
इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
1. मनेन्द्रगढ़ रोड और बनारस रोड की ओर से आने वाले वाहन: इन मार्गों से आने वाली यात्री बसों और अन्य चारपहिया वाहनों को साईं मंदिर तिराहा, महापौर मार्ग, रावत रेजीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर रोड और गंगापुर मोड़ स्थित मासूम अस्पताल के पास से रिंग रोड होते हुए बस स्टैंड की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
2. गढ़वा रोड और प्रतापपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन: इन मार्गों से आने वाली यात्री बसों और चारपहिया वाहनों को रिंग रोड से प्रतापपुर चौक, लरंगसाय चौक, चांदनी चौक, सद्भावना चौक और भारतमाता चौक होते हुए बस स्टैंड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
3. रायगढ़ रोड और बिलासपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन: इन मार्गों से आने वाली यात्री बसों और चारपहिया वाहनों को रिंग रोड से भारतमाता चौक, बिलासपुर चौक, नया बस स्टैंड, गंगापुर मोड़ स्थित मासूम अस्पताल और माखन विहार तिराहा होते हुए एमजी रोड की ओर भेजा जाएगा।

इन 10 स्थानों पर होगी पार्किंग
दशहरा कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए सरगुजा पुलिस ने शहर में 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
पी-01, औद्योगिक रोड: मंच पर बैठने वाले वीआईपी और पासधारियों के वाहनों के लिए।
पी-02, पीजी कॉलेज गेट: ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों के लिए।
पी-03, डाइट/पटवारी प्रशिक्षण मैदान: मीडिया संस्थानों के सदस्यों और आकाशवाणी चौक की ओर से आने वाले लोगों के लिए।
पी-04, बनारस रोड स्थित दुबे प्लॉट: बनारस रोड की ओर से आने वाले लोगों के वाहनों के लिए।
पी-05, नवापारा चर्च के सामने मैदान: आकाशवाणी चौक की ओर से आने वाले लोगों के लिए।
पी-06, सर्कस मैदान: अंबेडकर चौक की ओर से आने वाले लोगों के लिए।
पी-07, पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान का प्रवेश द्वार, आईटीआई की ओर: गांधी चौक की ओर से आने वाले लोगों के लिए।
पी-08, राजमोहिनी देवी भवन: अंबेडकर चौक और एमजी रोड की ओर से आने वाले लोगों के लिए।
पी-09, राजमोहिनी देवी भवन के पीछे का मैदान: अंबेडकर चौक और एमजी रोड की ओर से आने वाले लोगों के लिए।
पी-10, किसान राइस मिल मैदान: एमजी रोड की ओर से आने वाले लोगों के वाहनों के लिए।

प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सर्किट हाउस के सामने पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों को पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। साईं मंदिर तिराहे से चारपहिया वाहनों का डायवर्जन शुरू होगा। इसके अलावा नवापारा, राजमोहिनी देवी भवन, किसान राइस मिल और अन्य निर्धारित स्थानों पर भी यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
सरगुजा पुलिस ने दशहरा पर्व में शामिल होने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवागमन करें, ताकि पर्व के दौरान शहर में जाम की स्थिति निर्मित न हो और सभी लोग सुरक्षित एवं सुगम तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर