रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी घमासान अब खुली बहस तक पहुंच गया है। रायपुर प्रेस क्लब में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आमने-सामने हुए। दोनों नेताओं के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आंकड़ों और दावों को लेकर तीखी बहस हुई और दोनों ने एक-दूसरे के सवालों का जवाब दिया।
दरअसल, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीते दिनों पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रधानमंत्री आवास योजना के मुद्दे पर खुली डिबेट की चुनौती दी थी। भूपेश बघेल ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए बहस के लिए सहमति जताई थी। इसके बाद रायपुर प्रेस क्लब में दोनों नेताओं के बीच यह बहुप्रतीक्षित डिबेट आयोजित हुई। डिबेट को लेकर प्रेस क्लब परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
आंकड़ों को लेकर आमने-सामने आए दोनों नेता
डिबेट के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत एवं निर्मित आवासों सहित विभिन्न आंकड़ों पर दोनों नेताओं के बीच जमकर तकरार हुई। दोनों ने अपने-अपने दावों के समर्थन में आंकड़े पेश किए और एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए।
डिबेट समाप्त होने के बाद अब इसका असर सोशल मीडिया पर भी दिखाई देने लगा है। भाजपा और कांग्रेस के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट और पलटवार का दौर शुरू हो गया है।
भूपेश बोले- ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना’
डिबेट के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए विजय शर्मा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा— “अगली बार किसी समझदार को भेजना। ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।”
वहीं, भाजपा की ओर से भी पलटवार किया गया। पार्टी ने पोस्टर जारी करते हुए लिखा— “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।”
इसके अलावा भाजपा ने एक और पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा— “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”
PM आवास योजना पर हुई यह बहस अब राजनीतिक मुद्दे के साथ-साथ सोशल मीडिया की सियासी जंग में भी बदल गई है। दोनों दल अपने-अपने दावों को सही ठहराते हुए एक-दूसरे पर लगातार निशाना साध रहे हैं।



