Explore

Search

September 16, 2026 2:53 pm

लेटेस्ट न्यूज़

अपनों के सवालों से घिरी भाजपा सरकार! भगत का तंज—बृजमोहन पत्र लिखते हैं, अजय चंद्राकर घेरते हैं, फिर विपक्ष की जरूरत क्या..?

अंबिकापुर. उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के बयान को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला है. भगत ने विजय शर्मा के बयान को राजनीतिक करार देते हुए कहा कि यह बयान जमीनी सच्चाई से कोसों दूर है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने का दावा किया जाता है, लेकिन सड़क से लेकर पंचायत और कानून-व्यवस्था तक हर मोर्चे पर सरकार की स्थिति दयनीय होती जा रही है.

अमरजीत भगत ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भाजपा के ही वरिष्ठ नेताओं बृजमोहन अग्रवाल और अजय चंद्राकर को निशाने पर लिया, उन्होंने कहा कि सरकार की असली तस्वीर विपक्ष नहीं, बल्कि भाजपा के अपने ही नेता सामने ला रहे हैं.

‘बृजमोहन पत्र लिखते हैं, सरकार जवाब तक नहीं देती’

अमरजीत भगत ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल जब सरकार के सामने किसी मुद्दे को लेकर पत्र लिखते हैं, तो सरकार की तरफ से उन्हें जवाब तक नहीं मिलता. भगत ने सवाल उठाया कि यदि सरकार अपने ही वरिष्ठ नेता की बात सुनने को तैयार नहीं है, तो फिर आम जनता की शिकायतों और समस्याओं का क्या होगा..?

उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल का सरकार को पत्र लिखना केवल एक राजनीतिक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है.

‘अजय चंद्राकर सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ते’

पूर्व मंत्री भगत ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अजय चंद्राकर भी लगातार सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ते.

भगत ने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस विपक्ष में बैठकर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाती है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के ही वरिष्ठ नेता सरकार को सवालों के कटघरे में खड़ा कर रहे हैं. वही सरकार की कमियों को उजागर करने की जिम्मेदारी स्वयं निभा रहा है.

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का दावा करने वाली भाजपा को पहले अपने ही नेताओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए. सड़कें बदहाल हैं, पंचायतों से जुड़े मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार सवालों के घेरे में है. ऐसे में केवल राजनीतिक बयानबाजी करके सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती.

भगत ने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता को सरकार के दावे और बयान नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास और बेहतर व्यवस्था चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए राजनीतिक बयानबाजी का सहारा ले रही है. उन्होंने विजय शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सच्चाई बयानबाजी से नहीं बदलती. सड़क पर चलने वाली जनता, पंचायत में काम कराने वाला ग्रामीण और कानून-व्यवस्था को लेकर परेशान नागरिक सरकार की वास्तविक स्थिति बता रहा है.

अमरजीत भगत ने कहा कि भाजपा को विपक्ष पर आरोप लगाने से पहले अपने ही नेताओं की आवाज सुननी चाहिए. जब बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखना पड़े और अजय चंद्राकर को अपनी ही सरकार को घेरना पड़े, तो यह सरकार के भीतर सब कुछ ठीक होने का प्रमाण नहीं, बल्कि बड़े सवाल खड़े होने का संकेत है.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर