सरगुजा। वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत ग्राम रामनगर में बीती रात एक लोनर हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने जवाहिर पण्डो के घर को निशाना बनाते हुए मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हाथी के घर में घुसने से परिवार में दहशत फैल गई और मकान को काफी नुकसान पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय हुई। वनकर्मियों द्वारा गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी से सावधान रहने की हिदायत दी जा रही है। साथ ही हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वन विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लेकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इधर, सरपंच प्रदीप सिंह मरकाम ने सुबह मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वन अमले ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और आसपास हाथी की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें।



