सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग (NH-130) स्थित लहपटरा टोल नाके पर टोल कर्मचारी के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति टोल कर्मचारी के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद टोल कर्मचारी ग्रामीणों के साथ लखनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का काफिला लहपटरा टोल नाके से गुजर रहा था। इसी दौरान एक वाहन के ऊपर टोल का बूम बैरियर गिर गया। घटना के बाद वाहन में सवार एक व्यक्ति कथित तौर पर आक्रोशित हो गया और वाहन से उतरकर टोल नाके पर मौजूद कर्मचारी के साथ मारपीट करने लगा।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि टोल कर्मचारी हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है, जबकि सामने मौजूद व्यक्ति उसके साथ लगातार मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
बताया जा रहा है कि मारपीट का शिकार टोल कर्मचारी लहपटरा गांव का स्थानीय निवासी है। घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिलने के बाद उनमें भी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों के साथ पीड़ित कर्मचारी लखनपुर थाने पहुंचा और मामले में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंत्री के नाम का जिक्र, जांच के बाद ही साफ होगी पूरी तस्वीर
इस पूरे मामले में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, वायरल वीडियो और सामने आई जानकारी के आधार पर घटना की पूरी वास्तविकता अभी स्पष्ट नहीं है। मारपीट किस व्यक्ति ने की, वह मंत्री के काफिले में किस भूमिका में था और घटना की परिस्थितियां क्या थीं—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और पीड़ित टोल कर्मचारी की शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



