अंबिकापुर. एन0एस0यू0आई0 के छात्र संवाद कार्यक्रम के तहत आज पूर्व उपमुख्यमंत्री टी0एस0 सिंहदेव ने आज बुधवार को होलीक्रॉस स्कूल के सभाकक्ष में वहां के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनके सवालों का जवाब दिया। देश और समाज के प्रति जेन जी और जेन अल्फा के विचारों को जानने और उनके विचार और मांगों के प्रतिनिधित्व के लिये पूर्व उपमुख्यमंत्री की पहल पर सरगुजा एन0एस0यू0आई0 ने छात्र संवाद की इस श्रंखला को प्रारंभ किया है। पूर्णतः गैर राजनैतिक इस कार्यक्रम की पहली कडी में 30 जुलाई को पूर्व उपमुख्यमंत्री ने माउंट लिटेरा स्कूल के छात्र-छात्राओं से संवाद किया था। होलीक्रॉस स्कूल के सभाकक्ष में आयोजित इस संवाद में आज बच्चों ने जेन जी के जंतर-मंतर आन्दोलन, छत्तीसगढ में शिक्षा-स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे की कमियों से लेकर, अम्बिकापुर शहर की सडक और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था तक पर सवाल पूछे गये। छात्रों ने पूर्व उपमुख्यमंत्री ने निजि रुचि जैसे वो किनपर किताबें पढते हैं से लेकर आस्ट्रेलिया में उनके स्काईडाईविंग तक पर सवाल पूछे। साहित्यिक रुचि पर पूछे जाने के विषय में उन्होंने कहा कि वो लाईट फिलॉसफी वाले लेखन को पढना पसंद करते हैं। स्वामी विवेकानंद पर मौजूद साहित्य का गइराई से अध्ययन करते हैं। उन्होंने कहा कि एक राजनैतिक व्यक्ति होने के कारण आमजन से नियमित संवाद में दिनचर्या का अधिकांश वक्त देने के कारण साहित्यिक अध्ययन के लिये सीमित समय होता है। उन्होंने कहा कि सूचनाओं को ग्रहण करने के लिये उन्होंने आजकल यू-ट्यूब के
माध्यम का ज्यादा उपयोग करने की बात उन्होंने छात्रों को बताई। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा का उद्देश्य मात्र नौकरी हासिल करना ही नहीं साथ ही साथ में भविष्य के एक अच्छे नागरिक बनने का होता है। उन्होंने कहा कि जेन जी और जेन अल्फा का अपनी मांगों के लिये सडक पर आना तकलीफदेह है। सरकार को उनकी समस्याओं के लिये उनसे सार्थक संवाद कर उनकी मांगों को पूर्ण करना चाहिये। एन0एस0 यू0आई0 के जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने जानकारी दी कि पूर्व उपमुख्यमंत्री का यह छात्र संवाद कार्यक्रम के अन्तर्गत न केवल स्कूल साथ ही महाविद्यालयों में भी छात्रों से संवाद किया जायेगा। इस कार्यक्रम के दौरान होलीक्रॉस प्रबंधन के साथ ही सतीश बारी, अंकित जायसवाल, ऋषिकेश मिश्रा, धीरज गुप्ता भी मौजूद थे।



