Explore

Search

July 30, 2026 2:40 am

लेटेस्ट न्यूज़

जनपद पंचायत सीतापुर में विवाद गहराया : अध्यक्ष स्नेहलता एक्का ने सीईओ पर मनमानी और नियम विरुद्ध बैठक बुलाने का लगाया आरोप

अंबिकापुर/ सरगुजा जिले की जनपद पंचायत सीतापुर में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर नया विवाद सामने आया है. जनपद पंचायत अध्यक्ष स्नेहलता एक्का ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर जनपद पंचायत सीतापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जयगोविंद गुप्ता पर मनमानी, नियमों की अनदेखी और अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है.

अध्यक्ष ने अपने आवेदन में कहा है कि सीईओ द्वारा 30 जुलाई 2026 को सामान्य सभा की बैठक बुलाने का पत्र जारी किया गया, जबकि इस संबंध में उनसे कोई चर्चा या सहमति नहीं ली गई. उनका कहना है कि बैठक के एजेंडा और आयोजन को लेकर अध्यक्ष की अनुमति आवश्यक होती है, लेकिन इसके बावजूद एकतरफा तरीके से बैठक आयोजित की जा रही है, जो पंचायत नियमों के विपरीत है.
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सीईओ के विरुद्ध पहले से ही वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें की जा चुकी हैं, जिनकी जांच लंबित है. ऐसे में जांच पूरी होने तक उन्हें जनपद पंचायत सीतापुर से हटाए जाने की मांग भी की गई है.
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 16वें वित्त आयोग की ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) से संबंधित विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें जनपद सदस्यों की भागीदारी आवश्यक है. ऐसे समय में बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए सामान्य सभा बुलाना उचित नहीं है.
अपने आवेदन के अंत में अध्यक्ष स्नेहलता एक्का ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से उनके अधिकारों की रक्षा करते हुए सीईओ जयगोविंद गुप्ता के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर