सरगुजा। वित्तीय संस्थानों, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपराधिक घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों, एटीएम, ज्वेलर्स दुकानों और अन्य वित्तीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान हाई-फ्रीक्वेंसी सीसीटीवी कैमरों को हमेशा सक्रिय रखने और प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैंक एवं ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड की तैनाती, आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस टीमों द्वारा बैंक परिसरों और प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ भी की गई। सुरक्षा पंजी में पुलिस द्वारा की गई टिप्पणियों एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए बैंक प्रबंधकों और संचालकों को निर्देशित किया गया।
पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया कि परिसर के बाहर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112 अथवा संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों के मोबाइल नंबर पर सूचना देने को कहा गया।
वहीं, वित्तीय संस्थानों में आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि संस्थान बंद होने के बाद किसी अनधिकृत प्रवेश की स्थिति में तत्काल सूचना मिल सके और समय रहते आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को वित्तीय संस्थानों एवं ज्वेलर्स दुकानों के आसपास प्रभावी गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरगुजा पुलिस का यह अभियान जिले में वित्तीय संस्थानों और आभूषण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया गया।




