अम्बिकापुर. नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट और जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक एवम नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार तथा लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व कांग्रेस पार्षदों ने शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाले तकिया एवं कतकालो फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में दोनों प्लांट अपनी निर्धारित क्षमता से काफी कम जल शोधन करते पाए गए। साथ ही मड पंप लंबे समय से खराब, छह क्लैरिफ्लोकुलेटरों में से तीन बंद, फिल्टर बेड की नियमित सफाई नहीं होने, एलम (फिटकरी) की कमी तथा आवश्यक तकनीकी कर्मचारियों के अभाव जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। कांग्रेस का आरोप है कि इन लापरवाहियों के कारण शहर के अनेक वार्डों में पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि नगर निगम प्रशासन लगातार बिजली कटौती को जल संकट का कारण बताता रहा, लेकिन निरीक्षण में स्पष्ट हो गया कि समस्या का मुख्य कारण फिल्टर प्लांटों का खराब रखरखाव, संसाधनों की कमी और प्रशासनिक लापरवाही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार किए गए होते तो शहरवासियों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ता।
ज्ञापन में कांग्रेस ने यह भी कहा कि अम्बिकापुर की स्वच्छता व्यवस्था कभी पूरे देश के लिए मिसाल रही है, लेकिन पिछले डेढ़ वर्षों में सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ी है। कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं होने से नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कांग्रेस ने जिला प्रशासन से पूर्व की तरह सफाई व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, कई सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं तथा जिन सड़कों के निर्माण के टेंडर लगभग छह माह पहले हो चुके हैं, उनका कार्य आज तक शुरू नहीं हुआ है। इससे आम नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से फिल्टर प्लांटों की तकनीकी जांच कराने, बंद उपकरणों की तत्काल मरम्मत, पर्याप्त तकनीकी स्टाफ एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल करने, सफाई व्यवस्था में सुधार, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल,पार्षद हसन खान,पापिन्दर सिंह,मो बाबर, मो अख्तर चम्मा,शुभम जायसवाल,जेनेविवा कुजूर,लूकस एक्का,मंडल अध्यक्ष अमित सिन्हा,बालकेश्वर तिर्की शामिल थे।




