अंबिकापुर, सरगुजा जिले में स्वयं को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताकर जिला आबकारी अधिकारी से शराब और नकद राशि की मांग करने वाले तीन आरोपियों को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने निरीक्षण के नाम पर दबाव बनाते हुए छह बोतल शराब और नगद राशि की मांग की थी, लेकिन आबकारी अधिकारी की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।
दरअसल जिला आबकारी अधिकारी ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर खुद को ACB अधिकारी बताते हुए कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं और उनके लिए रेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसी बहाने छह बोतल शराब और नगद राशि तत्काल उपलब्ध कराने का दबाव बनाया गया। कॉल संदिग्ध लगने पर आबकारी अधिकारी ने कोई सामान या राशि उपलब्ध नहीं कराई और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ प्रजापति (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों राजेशपुरी गोस्वामी (43 वर्ष) और रंजीत गुप्ता (40 वर्ष) के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शराब दुकान पहुंचे थे और बिना पैसे शराब हासिल करने की योजना बनाई। इसी योजना के तहत सौरभ ने आबकारी अधिकारी को फोन कर खुद को ACB अधिकारी बताते हुए शराब और नकदी की मांग की थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने और आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे तथा आरक्षक विकास सिंह, अमृत सिंह और घनश्याम देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लेटेस्ट न्यूज़
8 मवेशियों को ले जाने की कोशिश नाकाम, दो की मौत, पुलिस जांच में जुटी
September 6, 2026
2:06 pm
हाथी के हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल, खाट के सहारे जंगल से निकाला गया
September 2, 2026
8:40 pm
दर्रीपारा मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
August 30, 2026
9:01 pm
NH-130 के किनारे नाली में मिला 4.76 किलो गांजा पुलिस जप्त कर कारवाई में जुटी
August 28, 2026
9:22 pm



