Explore

Search

July 28, 2026 2:42 am

लेटेस्ट न्यूज़

छात्रों की मांगों पर झुका विश्वविद्यालय प्रशासन, टी.एस. सिंहदेव के हस्तक्षेप के बाद खत्म हुई भूख हड़ताल

अंबिकापुर, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय एवं राजीव गांधी पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर एनएसयूआई का दो दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। आंदोलन के दूसरे दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने धरना स्थल पहुंचकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया और चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध निराकरण नहीं हुआ तो वे स्वयं छात्रों के साथ एक दिन की भूख हड़ताल पर बैठेंगे।  

सिंह देव के कड़े रुख के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की मांगों का त्वरित निराकरण का लिखित आश्वासन दिया है।

धरना स्थल पर पहुंचे टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस छात्रों के संघर्ष में पूरी मजबूती से साथ खड़ी होगी।एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती में रोस्टर नियमों के पालन की उच्चस्तरीय जांच, अंबिकापुर-राजपुर मार्ग से विश्वविद्यालय तक जर्जर सड़क के निर्माण, मुख्य मार्ग पर संकेतक बोर्ड लगाने, परिसर में सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था, ऑनलाइन कॉपी जांच प्रणाली समाप्त कर पारंपरिक मूल्यांकन लागू करने, जर्जर भवन में संचालित कक्षाओं को नए भवन में स्थानांतरित करने, फीस वृद्धि पर रोक, टोल-फ्री हेल्पलाइन जारी करने तथा नई शिक्षा नीति (NEP) के पाठ्यक्रम की पुस्तकों की शीघ्र उपलब्धता सहित छात्रहित की कई मांगें उठाईं।

आंदोलन के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं तहसीलदार ने धरना स्थल पहुंचकर एनएसयूआई पदाधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद एनएसयूआई ने अपनी क्रमिक भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

एनएसयूआई पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह छात्रहित में था। यदि दिए गए आश्वासन के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन और व्यापक आंदोलन करेगा।

आंदोलन को कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिला। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, शैलेंद्र प्रताप सिंह, मोहम्मद इस्लाम, जीवन यादव, आलोक सिंह, राजा तिवारी, सौरभ फिलिप, निक्की खान, आतिफ रज़ा, शुभम जायसवाल, हिमांशु जायसवाल, आशीष शील, अंशु गुप्ता, तरन राज बाबरा, सतीश घोष, सुरेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं छात्र उपस्थित रहे।

एनएसयूआई के ज्ञान तिवारी, सिफतैन रज़ा, अभिनव काशी, गौतम गुप्ता एवं एनएसयूआई सरगुजा की टीम ने आंदोलन में सहयोग देने वाले सभी छात्र-छात्राओं, कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन भविष्य में भी छात्रहित के हर मुद्दे पर मजबूती से आवाज़ उठाता रहेगा।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर