Explore

Search

July 22, 2026 1:14 am

लेटेस्ट न्यूज़

सरगुजा के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की खुली पोल, 4-5 दिनों से सोनोग्राफी के लिए भटक रहे मरीज

अंबिकापुर. सरगुजा संभाग के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में स्वास्थ्य सुविधाओं की एक बार फिर पोल खुलती नजर आई है. अस्पताल में भर्ती मरीजों को सोनोग्राफी कराने के लिए कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है. ऐसी ही अव्यवस्था से परेशान एक मरीज के परिजन ने अस्पताल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. संभाग के विभिन्न जिलों से रोजाना 100 से अधिक मरीज अस्पताल में भर्ती होते हैं. इसके बावजूद अस्पताल में एक दिन में महज 30 मरीजों की ही सोनोग्राफी की जा रही है. ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को अपनी बारी के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है.
वीडियो में एक मरीज के परिजन अपनी परेशानी बताते हुए नजर आ रहे हैं. परिजन का आरोप है कि वे पिछले चार से पांच दिनों से सोनोग्राफी कराने के लिए अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक जांच नहीं हो पाई है. लगातार अस्पताल आने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो परिजन ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
वीडियो में यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि मरीज की सोनोग्राफी करने के बजाय डॉक्टर मौके से चले गए. इससे परेशान परिजनों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब संभाग के सबसे बड़े अस्पताल में मरीजों को सामान्य जांच के लिए भी कई दिनों तक भटकना पड़े, तो अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.
मरीज के परिजन द्वारा बनाया गया यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर की स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है.

अब बड़ा सवाल यह है कि जब संभाग के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज भर्ती होते हैं, तो सोनोग्राफी जैसी जरूरी जांच के लिए महज 30 मरीजों की क्षमता क्यों रखी गई है..? क्या अस्पताल प्रबंधन मरीजों की बढ़ती संख्या के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार करेगा या फिर मरीज और उनके परिजन इसी तरह कई-कई दिनों तक जांच के लिए भटकते रहेंगे..?
फिलहाल वायरल वीडियो ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर की एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और मरीजों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर