बिलासपुर-केंद्रीय जेल बिलासपुर में कैदियों की लगातार हो रही मौतों ने जेल प्रशासन की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को जेल में बंद एक और कैदी की मौत हो गई।
इसके साथ ही पिछले एक महीने के भीतर केंद्रीय जेल में मृत कैदियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय प्रभु कुमार मनहर के रूप में हुई है। वह वर्ष 2024 से पॉक्सो एक्ट के एक मामले में दोषसिद्ध होकर 20 वर्ष की सजा काट रहा था। जेल प्रशासन के अनुसार, प्रभु कुमार पिछले कुछ दिनों से सीने में दर्द की शिकायत से पीड़ित था और उसका उपचार जेल अस्पताल में चल रहा था।
सोमवार को अचानक उसकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल अधीक्षक ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लगातार एक महीने के भीतर चार कैदियों की मौत ने केंद्रीय जेल की स्वास्थ्य सुविधाओं, निगरानी व्यवस्था और कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।




