Explore

Search

July 10, 2026 11:24 pm

लेटेस्ट न्यूज़

मैनपाट में बाइकर गैंग पर पुलिस की सख्ती, हुड़दंगियों पर लगातार नजर

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों से हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है.

पुलिस के अनुसार, कुछ युवक समूह बनाकर सड़कों पर तेज गति से बाइक चलाते हैं, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग कर अत्यधिक शोर करते हैं तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर आम लोगों और पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं. ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.
अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों की पहचान कर उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. बिना वैध दस्तावेज, यातायात नियमों का उल्लंघन करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है.
स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है. उनका कहना है कि मैनपाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पर्यटन के लिए जाना जाता है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों की वजह से यहां का माहौल प्रभावित हो रहा था.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मैनपाट की शांति, सुरक्षा और पर्यटन की गरिमा बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून-व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग मचाने और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैनपाट में शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर