Explore

Search

July 7, 2026 11:08 pm

लेटेस्ट न्यूज़

गाइड राज्य पुरस्कार टेस्टिंग कैम्प का शुभारंभ, पाँच दिनों तक निखरेंगे नेतृत्व और सेवा के संस्कार

दुर्गेश मरावी,

बिलासपुर. केन्द्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिलासपुर परिसर में सोमवार को पाँच दिवसीय गाइड राज्य पुरस्कार टेस्टिंग कैम्प का शुभारंभ उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना के वातावरण में हुआ। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विद्यालय प्राचार्य रमाकांत कौशिक, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी, परीक्षक, प्रशिक्षकगण तथा विभिन्न केन्द्रीय विद्यालयों से आए गाइड प्रतिभागी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स केवल एक संगठन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास और राष्ट्रसेवा की भावना का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ सभी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण शिविर की मुख्य परीक्षक लता माथुरिया ने कहा कि राज्य पुरस्कार टेस्टिंग कैम्प विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतिभागी इस प्रशिक्षण से नई ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त करेंगे।

कैम्प प्रभारी रेबेका थॉमस ने बताया कि पाँच दिवसीय कैम्प के दौरान प्रतिभागियों का परीक्षण स्काउटिंग एवं गाइडिंग के सिद्धांतों, प्राथमिक उपचार, गांठ एवं बंधन, ध्वज शिष्टाचार, मानचित्र अध्ययन, सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, नेतृत्व कौशल तथा अन्य व्यावहारिक गतिविधियों के आधार पर किया जाएगा। साथ ही सेवा, सहयोग और टीम भावना को विकसित करने वाली विविध गतिविधियाँ भी आयोजित होंगी। इस परीक्षण कैम्प में केंद्रीय विद्यालय स्काउट गाइड के अनुभवी परीक्षक के रूप में रवींद्र सहमी, प्रतिमा सिंह,उपासना गोंडलेकर, दीपा सराफ, रीना साहू अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता दे रही हैं।

उद्घाटन समारोह में बच्चों ने संगीत शिक्षक अशोक देवांगन के मार्गदर्शन में स्वागत गीत एवं मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत किया।अंत में गुड्डी कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

शिविर के सफलतापूर्वक आयोजन में जानकी कुशवाहा, सुनील पांडे, भूपेन्द्र श्रीवास्तव, सौरभ सिंह राजपूत की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने राज्य पुरस्कार प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ पूरे मनोयोग से कैम्प की गतिविधियों में भाग लेने का संकल्प लिया। यह जानकारी गाइड प्रभारी निर्मला साहू द्वारा दी गई।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर