Explore

Search

October 5, 2026 5:07 am

लेटेस्ट न्यूज़

जन समस्या निवारण शिविर से पहले ही अधिकारी कर्मचारी के ऊपर हड़कंप

संवाददाता उपेन्द्र सोरी देवभोग गरियाबंद

खोकसरा ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले आगामी जन समस्या निवारण शिविर को लेकर शासकीय विभागों और स्थानीय प्रशासन में भारी हड़कंप देखने को मिल रहा है। शिविर के आयोजन की तिथि नजदीक आते ही वर्षों से ठप पड़े विकास कार्य अचानक गति पकड़ने लगे हैं। आलम यह है कि जिस कार्यालय और पंचायत भवन की सुध बीते कई महीनों से किसी अधिकारी ने नहीं ली थी, वहां अब कर्मचारी शिविर से ठीक पहले आनन-फानन में रंग-रोगन, मरम्मत और अधूरे पड़े कागजी व भौतिक कार्यों को पूरा करने में दिन-रात जुटे हुए हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आसपास के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई, चूना-पुताई और रंग-रोगन का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। जो कर्मचारी अमूमन अपने दफ्तरों से नदारद रहते थे या जनता की समस्याओं को टालते नजर आते थे, वे अब खुद खड़े होकर अपनी फाइलों को दुरुस्त कर रहे हैं और परिसर की सूरत संवारने में लगे हैं।

अधिकारियों की फटकार और कार्रवाई का डर

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, 06/10/2026 दिन मंगलवार को जन समस्या निवारण शिविर में जिला स्तर के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की पूरी संभावना है। शिविर के दौरान यदि ग्रामीणों द्वारा किसी विभाग की लापरवाही, अधूरे निर्माण कार्य या लंबित आवेदनों की शिकायत की जाती है, तो संबंधित कर्मचारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। इसी कार्रवाई और अधिकारियों की फटकार से बचने के लिए कर्मचारियों ने शिविर से पूर्व ही अपनी खामियों को छिपाने और व्यवस्थाओं को चकाचक दिखाने की कवायद शुरू कर दी है।

ग्रामीणों में आक्रोश और सवाल

प्रशासन की इस अचानक जागी सक्रियता पर स्थानीय ग्रामीणों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। ग्रामीणों का कहना है कि शिविर के डर से ही सही, कम से कम दफ्तरों की हालत तो सुधर रही है। हालांकि, कई ग्रामीणों ने इस दिखावटी व्यवस्था पर गहरा आक्रोश भी व्यक्त किया है।

गांव के वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि जो काम सामान्य दिनों में जनता की सुविधा के लिए नियमित रूप से होने चाहिए थे, वे केवल निरीक्षण के डर से अंतिम समय में किए जा रहे हैं। कई महीनों से नल-जल योजना, पिछले कई लंबे समय से लंबित ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या सरकारी तंत्र को जगाने के लिए हमेशा किसी बड़े शिविर या प्रशासनिक दौरे का ही इंतजार करना पड़ेगा?

शिविर में उठेंगे कई प्रमुख मुद्दे

खोकसरा में आयोजित होने वाले इस जन समस्या निवारण शिविर में ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं।

ग्रामीणों और कई जनप्रतिनिधियों का कहना है कि रंग-रोगन और दिखावटी सजावट से जमीनी सच्चाई को नहीं छिपाया जा सकता। शिविर वाले दिन अधिकारी सीधे तौर पर जनता की समस्याओं को सुनेंगे। यदि कागजों में काम पूरा दिखाकर धरातल पर काम अधूरा छोड़ा गया होगा, तो ग्रामीण मंच पर ही इसका पुरजोर विरोध करेंगे।

फिलहाल, खोकसरा में जन समस्या निवारण शिविर 06 /10/2026को लेकर तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। अब देखना यह होगा कि कर्मचारियों द्वारा दफ्तरों का किया जा रहा यह ‘रंग-रोगन’ और जल्दबाजी में निपटाया जा रहा कार्य ग्रामीणों को राहत दिला पाता है या यह महज प्रशासनिक औपचारिकता बनकर रह जाता है।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर