Explore

Search

September 25, 2026 4:07 am

लेटेस्ट न्यूज़

महादेव बेटिंग ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दुबई से लौटते ही अभिषेक कुमार गिरफ्तार

रायपुर/ महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित आरोपियों में शामिल अबिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक अबिषेक कुमार को दुबई से भारत लौटने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

 

CBI की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अब तक की जांच में अबिषेक कुमार की महादेव बुक के तहत संचालित ऑनलाइन बेटिंग और जुआ गतिविधियों में सक्रिय भूमिका सामने आई है। जांच एजेंसी का दावा है कि वह विभिन्न पैनलों के बीच समन्वय, रकम के संग्रह और बेटिंग-जुए से अर्जित कथित अवैध धन से दुबई में अचल संपत्तियां खरीदने से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था।

तलाशी में आपत्तिजनक सामग्री बरामद

गिरफ्तारी के तत्काल बाद की गई तलाशी के दौरान अबिषेक कुमार के कब्जे से कुछ अभिकथित आपत्तिजनक सामग्री बरामद और जब्त किए जाने की बात CBI ने कही है। एजेंसी के अनुसार, जब्त सामग्री प्रथम दृष्टया महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी सक्रिय भूमिका की ओर इशारा करती है।

CBI का कहना है कि अबिषेक कुमार मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।

हैदराबाद से रायपुर तक चली कानूनी कार्रवाई

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद उसे रायपुर लाकर अदालत में पेश किया गया। रायपुर कोर्ट ने अबिषेक कुमार को दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड में भेज दिया है।

महादेव ऐप मामले में CBI ने दाखिल की 8 चार्जशीट

CBI के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव बेटिंग ऐप से संबंधित विभिन्न थानों में दर्ज 13 FIR को CBI को स्थानांतरित किया था, जिसके बाद जांच एजेंसी ने मामलों को अपने हाथ में लिया।

जांच एजेंसी ने अब तक इस मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल किए जाने की जानकारी दी है। इनमें महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटरों के अलावा पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ शासन के कुछ लोक सेवक भी शामिल बताए गए हैं।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

CBI ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य फरार आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य प्रमोटरों को भारत वापस लाकर मुकदमे का सामना कराने के लिए भी जांच एजेंसी प्रयासरत है।

CBI के मुताबिक अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। वहीं, दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई भी चल रही है।

अवैध बेटिंग से अर्जित धन की पड़ताल

जांच एजेंसी ने कहा है कि उसका उद्देश्य महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े सभी लोगों को कानून के दायरे में लाने के साथ-साथ कथित अपराध से अर्जित धन की पहचान और उसकी ट्रैकिंग करना है। अबिषेक कुमार की गिरफ्तारी को इसी जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर