Explore

Search

November 5, 2026 2:42 am

लेटेस्ट न्यूज़

कुएं में गिरने से गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केवरी में बुधवार शाम एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। नहाने के दौरान कुएं में गिरने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला के साथ उसके गर्भस्थ शिशु को भी मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान लक्ष्मनिया पति राम दयाल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 4 बजे महिला घर के पास नहाने के दौरान अचानक कुएं में गिर गई। घटना के समय उसके साथ मौजूद करीब दो वर्षीय बच्चे ने शोर मचाया। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास खेतों में धान की कटाई कर रहे ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कुएं से महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद शाम करीब 5:30 बजे डॉक्टरों ने महिला और उसके गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एक ही हादसे में मां और गर्भस्थ शिशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर