अंबिकापुर। रसूलपुर में मकान किराए पर लेने के बहाने घर में घुसकर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सरगुजा पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के चलते मृतक के दामाद द्वारा हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर में तीन अज्ञात व्यक्ति मकान किराए पर लेने के बहाने सादिया शारीन सिद्दीकी के घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत की और अचानक चाकू से उन पर गंभीर हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि उसका पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर उसे और उसके मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
मामले में थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान हत्या, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।
पहले चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जांच तेज की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान भी चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने नाजिम शबा, कंचन कुमार, नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू और अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।
मरणासन्न कथन और गवाहों के बयान से पांचवें आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान मृतक के मरणासन्न कथन और प्रार्थिया सहित अन्य गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने मोईन मियां (65 वर्ष), निवासी पलामू झारखंड, वर्तमान निवासी रनपुर खुर्द सरनापारा परसा, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में आरोपी के विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य पाए गए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।



