Explore

Search

August 15, 2026 3:38 pm

लेटेस्ट न्यूज़

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति संदीप कुमार सिंह ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर समय पर उचित उपचार और निगरानी नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
गांधीनगर निवासी संदीप कुमार सिंह के अनुसार, उन्होंने 13 अगस्त को अपनी पत्नी को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों की सलाह पर सी-सेक्शन कराने के लिए सहमति दी गई। शाम करीब 4:05 बजे ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद परिजनों को बताया गया कि महिला और नवजात दोनों की हालत ठीक है।
परिजनों का आरोप है कि रात में महिला ने गले में सूखापन और ऑपरेशन वाली जगह पर दर्द की शिकायत की। इसकी जानकारी ड्यूटी पर मौजूद नर्स और डॉक्टरों को दी गई। इसके बाद 14 अगस्त की सुबह महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक, बीपी, पल्स और घबराहट जैसी समस्याएं दिखाई देने के बावजूद कई बार डॉक्टरों और कर्मचारियों से इलाज एवं निगरानी की गुहार लगाई गई, लेकिन समय पर अपेक्षित उपचार नहीं मिलने का आरोप है।
परिजनों का कहना है कि बाद में डॉक्टरों की ओर से महिला को पहले से हृदय संबंधी समस्या होने की बात बताई गई। हालांकि, पति का दावा है कि प्रसव से पहले कराई गई जांच रिपोर्ट सामान्य थीं और अस्पताल में महिला का ईसीजी भी नहीं किया गया था।
इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात शिशु सुरक्षित बताया जा रहा है। मृतका के पति का आरोप है कि यदि महिला की बिगड़ती स्थिति को समय रहते गंभीरता से लेते हुए आवश्यक उपचार और निगरानी की जाती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मामले में अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर