बिलासपुर. जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने ग्राम बिरकोना में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध जुआ फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से ₹20,700 नगद, 52 पत्ती ताश, 9 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जप्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिरकोना के टिकरीपारा स्थित हनुमान मंदिर के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना कोनी पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से ₹20,700 नकद, ताश के पत्ते, 9 मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10-EJ-9497 जप्त की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) में मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




