Explore

Search

July 18, 2026 1:18 am

लेटेस्ट न्यूज़

सरगुजा पुलिस का मुसाफिर और किरायेदार चेकिंग अभियान जारी, संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर

अंबिकापुर. सरगुजा जिले में बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा मुसाफिर एवं किरायेदार चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है. डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया.
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने न्यायालय परिसर, कलाकेंद्र परिसर के आसपास, भट्टी रोड सहित प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की. इसके अलावा फल ठेला संचालकों, चाय-नाश्ता दुकानों, छोटे गुमटी संचालकों एवं अस्थाई दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ कर उनकी पहचान संबंधी जानकारी जुटाई गई.
पुलिस टीम द्वारा किराये के मकानों में निवासरत व्यक्तियों के पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया. पुलिस ने मकान मालिकों और स्थानीय नागरिकों को अपने क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस थाने या चौकी में दर्ज कराने की समझाइश दी.
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मुसाफिर एवं किरायेदार चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा. बिना भौतिक सत्यापन के क्षेत्र में रह रहे या घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से या छिपकर रह रहा हो अथवा किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें.
सूचना सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर दी जा सकती है. पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर