Explore

Search

July 17, 2026 3:23 am

लेटेस्ट न्यूज़

अंबिकापुर में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

सरगुजा. अंबिकापुर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। 15 दिनों के एकांतवास और नवयौवन दर्शन के बाद महाप्रभु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। प्रभु के दर्शन और रथयात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर की सड़कों पर उमड़ पड़े।

रथयात्रा का शुभारंभ श्री जगन्नाथ मंदिर मार्ग स्थित तिवारी बिल्डिंग से हुआ। इसके बाद यात्रा जोड़ा पीपल, आकाशवाणी चौक, गांधी चौक, घड़ी चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक, ब्रह्म रोड, राम मंदिर रोड, जय स्तंभ चौक और महामाया चौक से होते हुए वापस संगम चौक पहुंची। इसके बाद दुर्गाबाड़ी में रथयात्रा का समापन किया गया।

रथयात्रा के पूरे मार्ग में सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाए गए थे। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर प्रभु का स्वागत किया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती के लिए समिति द्वारा ओडिशा से पंडित शंभूनाथ पंडा को आमंत्रित किया गया है। उनकी मौजूदगी से आयोजन का धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया।

रथयात्रा को लेकर शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। वहीं, प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए, ताकि रथयात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर