अंबिकापुर. कलाकेन्द्र मैदान में मीनाबाजार लगाने के लिए लाखों रुपये के लेन-देन की कथित बातचीत वाले वायरल ऑडियो के मामले में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन के अंदर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित करने की मांग की है।
निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने SP से मुलाकात कर कहा कि ऑडियो में महापौर मंजूषा भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की आवाज सुनाई दे रही है। कांग्रेस का आरोप है कि यह सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा गंभीर भ्रष्टाचार की पुष्टि करता है।
वायरल ऑडियो में कलाकेन्द्र मैदान आवंटन के बदले मीनाबाजार लगाने के लिए लाखों रुपये की लेन-देन की चर्चा हो रही है। ऑडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने 22 जून को कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन देकर जांच की मांग की थी। उसी दिन महापौर मंजूषा भगत ने आदिम जाति कल्याण थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और दावा किया कि यह ऑडियो AI जनरेटेड है।
27 जून को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आजाक थाने जाकर मामले की जानकारी ली, जहां बताया गया कि यह उनके क्षेत्राधिकार का मामला नहीं है। इसके बाद आज रविवार को कांग्रेस ने सीधे पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।
SP से चर्चा के दौरान शफी अहमद ने कहा, “महापौर का आवेदन आदिवासी महिला के अत्याचार और ऑडियो को AI जनरेटेड बताता है, जबकि ऑडियो में सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा भ्रष्टाचार की बात स्पष्ट है। ऐसे में बहुआयामी मामले की जांच के लिए SIT गठित कर समयबद्ध विवेचना जरूरी है।”
उन्होंने वॉइस सैंपलिंग, फॉरेंसिक जांच और कॉल रिकॉर्ड की जांच पर जोर देते हुए कहा कि इससे “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।
मीडिया से बातचीत में शफी अहमद ने आगे कहा, “इस मामले से जुड़े लोग स्वयं अपना कॉल रिकॉर्ड सार्वजनिक कर दामन पर लगा दाग साफ कर लें। अगर वे इसमें हिचकिचाते हैं तो समझ लीजिए दाल में कुछ काला जरूर है।”
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि तीन दिन में SIT गठन नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन के साथ-साथ न्यायालय में भी याचिका दायर की जाएगी। इस दौरान
शफी अहमद के अलावा मो. इस्लाम, हेमंत तिवारी, नुरुल अमीन सिद्धकी, मदन जायसवाल, संजय सिंह, जमील खान, लोकेश कुमार, जीवन यादव, विनय गुप्ता, लुकस एक्का, नरेन्द्र विश्वकर्मा, शुभम जायसवाल, अमित तिवारी राजा, सोहन जायसवाल, अमित सिन्हा, मिथुन सिंह, काजू खान, तीरथ चौधरी आदि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़
सीआरपीएफ जवान ने आम के पेड़ पर लगाई फांसी, छुट्टी पर आया था घर
June 24, 2026
10:32 pm
बैंक से पैसा निकाल घर लौट रही युवती से हुई लूटपाट
June 17, 2026
6:22 pm





