Explore

Search

June 25, 2026 12:48 am

लेटेस्ट न्यूज़

ब्रेकिंग : राजीव गांधी शिक्षा मिशन में फर्नीचर घोटाले की जांच तेज, ACB टीम ने कार्यालय में दबिश दी

अंबिकापुर. राजीव गांधी शिक्षा मिशन (आरजीएसएम) में वर्ष 2011-12 में हुए करोड़ों रुपये के फर्नीचर घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को विभागीय कार्यालय पहुंचकर घोटाले से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त कर लिया। लंबे समय से दस्तावेज उपलब्ध न कराए जाने के बाद ACB की टीम ने कार्यालय में छापेमारी की।

सूत्रों के अनुसार, ACB की टीम फर्नीचर घोटाले के मामले में हार्ड कॉपी दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल दस्तावेजों की भी गहन छानबीन कर रही है। टीम विभाग के अधिकारियों से पूछताछ भी कर रही है।

2011-12 में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के अंतर्गत स्कूलों में फर्नीचर खरीद के नाम पर हुए इस घोटाले में करोड़ों रुपये की अनियमितताएं सामने आई थीं। इस मामले में विभाग के 6 से 7 अधिकारियों के नाम सामने आए थे, जबकि 12 फर्मों को इस घोटाले में शामिल बताया गया था।

मामले में आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120(B) (आपराधिक साजिश) तथा प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट (PC Act) की धारा 13(1) एवं 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

विभाग द्वारा बार-बार दस्तावेज उपलब्ध न कराए जाने के कारण ACB की टीम को कार्यालय में दबिश देनी पड़ी। टीम ने पूरे कार्यालय में फर्नीचर खरीद से संबंधित सभी फाइलें, रसीदें, टेंडर दस्तावेज, भुगतान रिकॉर्ड और डिजिटल रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी है।

ACB की टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि फर्नीचर की खरीद में कितना अतिरिक्त भुगतान किया गया, गुणवत्ता में कितनी कमी रखी गई और किन अधिकारियों की मिलीभगत से यह घोटाला हुआ।

यह घोटाला छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में हुए बड़े अनियमितताओं में से एक माना जाता है। वर्षों से लंबित इस मामले में अब ACB की सक्रियता से कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर