रिपोर्टर,,,,, कृष्ण नाथ टोप्पो,,,, बलरामपुर
राजपुर. जनपद पंचायत राजपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जिगड़ी में संचालित पहाड़ी कोरवा बालक आश्रम के जीर्णोद्धार कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार आश्रम भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिसके मरम्मत एवं अनुरक्षण के लिए वर्ष 2024-25 में बलरामपुर जिला प्रशासन द्वारा लघु निर्माण/अनुरक्षण मद से 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी।
स्थानीय स्तर पर पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर गंभीर आपत्ति जताई है। आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है और कार्य स्तरहीन तरीके से कराया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती और बच्चों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत द्वारा कार्य पूर्णता का बोर्ड भी लगा दिया गया था, लेकिन विरोध और शिकायतों के बाद बोर्ड में अंकित पूर्णता तिथि को खरोंचकर मिटा दिया गया। इस घटना के बाद पंचायत की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इधर, आगामी 15 दिनों में स्कूल एवं आश्रम पुनः संचालित होने वाले हैं, जिसके बाद बड़ी संख्या में छात्र यहां निवास और अध्ययन के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में आश्रम भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग द्वारा निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आश्रम भवन बच्चों के उपयोग के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जीर्णोद्धार के बाद भी यदि भवन की गुणवत्ता पर सवाल बने हुए हैं, तो बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी होगी और किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर जवाबदेह कौन होगा।
हास्टल अधिक्षक ने बताया कि इस भवन में छत की ढ़लाई, टाइल्स,पुट्टी और पोताई का कार्य कराया जा रहा था लेकिन अभी भी कार्य पूर्ण नही है इसके बाद भी पंचायत ने कार्य पूर्णता का सूचना पटल लगा दिया गया था लेकिन विरोध के बाद उसे खरोंच के मिटा दिया गया है,संबंधित विभाग जल्द से जल्द इस कार्य को गुणवत्तायुक्त पूर्ण करायें जिससे शिक्षण कार्य सुचारू रूप प्रारंभ हो सके।
जनपद सीईओ संजय दूबे ने बताया कि हमारे समक्ष जिगड़ी पंचायत के छात्रावास में हो रहे जिर्णोद्धार की शिकायत मिली है जिसके लिए मैने विभाग के एक इन्जीनियर को निर्देशित किया है कि अपने समक्ष कार्य को मानकों को ध्यान में रख कर 15 दिवस में पूर्ण करा कर हमें सूचित करें, इस प्रकार में किसी भी प्रकार का समझौता नही किया जाएगा।





