लखनपुर. लखनपुर पुलिस की लापरवाही का एक और उदाहरण सामने आया है। एक दिन पहले हुए हादसे में शामिल ट्रक को नेशनल हाईवे से न हटाए जाने के कारण मंगलवार रात करीब 9 बजे एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
कोरबा से अपने घर अंबिकापुर जा रहे 40 वर्षीय विनय टोप्पो (पिता: एल्विश टोप्पो, निवासी भगवानपुर, अंबिकापुर) एनटीपीसी कोरबा में सीआईएसएफ के जवान थे। वे अपनी स्प्लेंडर बाइक (सीजी07 बीटी 6990) पर सवार थे। रजपुरीकला गांव के पास अमेरा कोल खदान गेट के समीप एक दिन पहले दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की रस्सी में बाइक फंस जाने से वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खून बहने से उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। बाद में उन्हें अंबिकापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले हुए हादसे में शामिल ट्रक 24 घंटे से भी अधिक समय तक नेशनल हाईवे-130 पर खड़ा रहा। पुलिस द्वारा उसे हटाए जाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण यह दूसरी दुर्घटना हुई। रजपुरीकला क्षेत्र इन दिनों हादसों का बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है। मात्र दो दिनों में इस जगह पर दो लोगों की जान जा चुकी है।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष तीन मांगें रखीं। उन्होंने नेशनल हाईवे-130 पर रजपुरीकला-अमेरा कोल खदान चौराहे पर स्पीड ब्रेकर, लाइट और सांकेतिक बोर्ड लगाने, साथ ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित वाहन चेकिंग कराने की मांग की। एसडीओपी ने मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। एक ही जगह पर दो दिनों में दो मौतों के बाद ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस अधिकारियों के ट्रक हटाने के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हुआ। रात करीब 3 बजे क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को लखनपुर थाने ले जाया गया।





