अंबिकापुर. शहर के व्यस्ततम रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ महिला का संदिग्ध अवस्था में रक्त रंजित शव बरामद किया गया। महिला की निर्मम हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। हमलावरों ने महिला के सिर और गर्दन पर घातक प्रहार करने के साथ-साथ पहचान छिपाने की नीयत से चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया है। शव को देखकर प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की टीम ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
शहर के मुख्य मार्ग और भीड़-भाड़ वाले रिंग रोड क्षेत्र में इस तरह की नृशंस हत्या होने से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोग शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त प्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट चेक कर रही है और हुलिए के आधार पर शिनाख्त की कोशिश में जुटी है।





