अंबिकापुर/सरगुजा जिले के वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत कर्म कट्टरा जंगल में सोमवार रात करीब 11 बजे 17 हाथियों के दल ने फिर से डेरा जमा लिया है। हाथियों के इस झुंड के उदयपुर के नजदीक जंगल में पहुंचने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
वन विभाग की टीम निरंतर निगरानी कर रही है। रात के समय ड्रोन कैमरे की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभाग के तीन वाहन मानपुर, झिरमिटी, मोहनपुर, जजगी, महेशपुर, फूनगी और लक्ष्मणगढ़ समेत आसपास के गांवों में मुनादी कर रहे हैं। लोगों को सतर्क रहने और घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
जानकारी के अनुसार, 17 हाथियों का यह दल मैनपाट से केदमा लालपुर, बिनिया, अरगोती और कुमदेवा की बिछलघाटी होते हुए कर्म कट्टरा जंगल में पहुंचा है। वन विभाग पूरी मुस्तैदी से स्थिति पर नजर रखे हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीमें इलाके में सक्रिय हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे विभाग द्वारा दी जा रही सलाह का पालन करें और हाथियों की आवाजाही के दौरान सावधानी बरतें।



