बलरामपुर. जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को कथित तौर पर ₹22 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि अधिकारी ने ट्रांसपोर्टर के लंबित बिल के भुगतान के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी. शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया.
दरअसल, अंबिकापुर निवासी ट्रांसपोर्टर शिवराज सिंह द्वारा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के लिए ट्रांसपोर्टिंग का कार्य किया गया था. कार्य के एवज में करीब ₹11 लाख 30 हजार का बिल भुगतान लंबित बताया गया. शिकायतकर्ता का आरोप था कि बिल भुगतान जारी करने के बदले नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल द्वारा 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी.
मामले की शिकायत ट्रांसपोर्टर ने एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर से की. शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने आरोपों का सत्यापन किया. सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की.
तय योजना के अनुसार ट्रांसपोर्टर ₹22 हजार की रिश्वत राशि लेकर बलरामपुर कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय पहुंचा. जैसे ही कथित तौर पर जिला प्रबंधक ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मुस्तैद ACB टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया.
कार्रवाई के बाद आरोपी जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. ACB द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है.
ACB की इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालय में बिल भुगतान के एवज में कथित कमीशनखोरी का मामला चर्चा में है.



