Explore

Search

September 18, 2026 7:19 pm

लेटेस्ट न्यूज़

आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया जिले के अंतिम छोर का गांव, पहाड़ी कोरवाओं के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष ने जलाया दिया

अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार शाम लुण्ड्रा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रीरी में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के अंतिम छोर पर बसे पहाड़ी कोरवा समुदाय के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पहाड़ी कोरवा महिला सुमित्रा के प्रधानमंत्री आवास में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद कार्यक्रम आदिवासी बालक आश्रम रीरी में भी आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में आश्रम के बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं ग्रामीणों ने दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में सहभागिता की।
सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने ग्राम रीरी पहुंचकर पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों और बच्चों के साथ दीप जलाए। शाम करीब 7 बजे दीप प्रज्वलन के दौरान आदिवासी बालक आश्रम परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। बच्चों ने भी उत्साह के साथ दीप हाथों में लेकर कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने आश्रम के बच्चों एवं ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और आश्रम की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। कार्यक्रम में ग्रामीणों और बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने ग्रामीणों एवं बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने सभी के साथ आत्मीयता से संवाद किया। जिले के दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचकर पहाड़ी कोरवा समुदाय और आश्रम के बच्चों के बीच दीप जलाने तथा उनके साथ भोजन करने से कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह सामुदायिक नजर आया।
कार्यक्रम में मंडल लुण्ड्रा के कोषाध्यक्ष इंद्रदेव गुप्ता, ग्राम पंचायत रीरी के सरपंच मंटोरिया टोप्पो सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक, ग्रामीण एवं आश्रम से जुड़े लोग मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के अंतिम छोर तक पहुंचने और ग्रामीणों के साथ सहभागिता का संदेश दिया गया। आदिवासी बालक आश्रम रीरी में बच्चों के साथ दीप प्रज्वलन का दृश्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर