अंबिकापुर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर महमाया पहाड़ी, हाथीपखना स्थित गणपति धाम में भगवान श्री गणेश की आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ गणेशोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अंबिकापुर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति धाम पहुंचे और भगवान गणेश की आरती में शामिल होकर सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार के मंगल की कामना की। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया तथा उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना ट्रस्ट के संरक्षक भरत सिंह सिसोदिया ने कहा कि हाथीपतना स्थित गणपति धाम सरगुजा की धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। महमाया पहाड़ी की प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच स्थित यह स्थल श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर हम सभी प्रार्थना करते हैं कि भगवान गणेश सरगुजा सहित पूरे प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और सौहार्द प्रदान करें। गणपति धाम के विकास और धार्मिक पहचान को आगे बढ़ाने के लिए ट्रस्ट निरंतर प्रयास करता रहेगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शैलू ने कहा कि गणपति धाम श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा पवित्र स्थल है। स्थानीय मान्यता के अनुसार महमाया पहाड़ी पर प्राकृतिक रूप से दिखाई देने वाली गणपति आकृति के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी पर आरती के साथ पूजा का शुभारंभ करना हम सभी के लिए सौभाग्य का अवसर है। ट्रस्ट का प्रयास है कि गणपति धाम को श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त और प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
इस अवसर पर हरपाल सिंह भामरा , विनोद हर्ष, जन्मेजय मिश्रा , दिव्या सिंह सिसौदिया , अरुणा सिंह, रवींद्र तिवारी , अनंगपाल दीक्षित, रूपेश दुबे , विजय सोनी , अभिषेक शर्मा, मनोज अग्रवाल , गोल्डी बिहाडे, अनिल जायसवाल, शुभांगी बिहाड़े , विकास गुप्ता, शशिकांत जायसवाल , संजीव वर्मा, रवि विश्वकर्मा, अनीश सिंह , आयुष दुबे , अविनाश मंडल , मनोज प्रसाद , जतिन परमार , अशोक सोनी , अभिषेक माथुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।



