देशबन्धु नेताम देवभोग
गरियाबंद। बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम लगाने और आम नागरिकों के साथ-साथ युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा विशेष ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोकसरा में एक दिवसीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान समय में हो रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों जैसे—ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी जॉब ऑफर, लॉटरी स्कैम, लोन ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग और साइबर बुलिंग के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पुलिस ने बताया कि अपराधी किस तरह लोगों के लालच, डर और अनजानेपन का फायदा उठाकर उन्हें अपना शिकार बनाते हैं।
सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और पुलिस की समझाइश
कार्यक्रम में उपस्थित थाना प्रभारी व साइबर सेल की टीम ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सुरक्षित तरीके से स्मार्टफोन व इंटरनेट का उपयोग करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण समझाइश दीं:
अज्ञात लिंक और ऐप: किसी भी अज्ञात नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनधिकृत ऐप को फोन में डाउनलोड करें।
व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप) पर अपनी निजी तस्वीरें, वित्तीय जानकारी या लोकेशन अनजान लोगों के साथ कभी साझा न करें।
ओटीपी और पासवर्ड: बैंक खाता, यूपीआई पिन या किसी भी खाते का ओटीपी परिवार के सदस्यों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति को न बताएं।
मजबूत पासवर्ड का प्रयोग: अपने सोशल मीडिया और डिजिटल खातों के लिए मजबूत पासवर्ड बनाएं और समय-समय पर उसे बदलते रहें।
हेल्पलाइन नंबर 1930 की दी जानकारी
पुलिस ने विद्यार्थियों को सतर्क करते हुए कहा कि यदि किसी के साथ भी किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन प्रताड़ना होती है, तो घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी थाना या साइबर डेस्क में तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते पीड़ित की रकम या डेटा को सुरक्षित किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षकों ने गरियाबंद पुलिस के इस पहल की सराहना की और विद्यार्थियों को इंटरनेट का उपयोग विवेकपूर्ण ढंग से करने की शपथ दिलाई।



