Explore

Search

July 24, 2026 1:49 am

लेटेस्ट न्यूज़

कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 20 लाख रुपये की सहायता की घोषणा

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान पूरे प्रदेश में है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है। पत्रकारों को निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नई तकनीकों के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की सक्रिय गतिविधियों और समय-समय पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना भी की।उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ की जानी चाहिए, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत हो।

समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। महापौर संजू देवी राजपूत एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों की भूमिका की सराहना की।

समारोह में संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान ने क्लब की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सचिव दिनेश राज ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में प्रेस क्लब की ओर से अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।

ATD News
Author: ATD News

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर