रिपोर्टर,,, कृष्ण नाथ टोप्पो,,,, बलरामपुर
राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर में आगामी 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के भव्य आयोजन को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को दोपहर 12 बजे गोंडवाना भवन, राजपुर में सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजपुर विकाशखण्ड के समाज के प्रमुख पदाधिकारियों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत योजना तैयार की गई। इसमें समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक पहचान को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से विशाल रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक सहभागिता तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न आयोजन करने पर सहमति बनी। साथ ही जिले के सभी गांवों एवं पंचायतों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गई।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारी चल रही है। आयोजन में हजारों की संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में सुबह आगंतुकों के लिए नाश्ते की व्यवस्था, सभी प्रतिभागियों के लिए सामूहिक भोजन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न सामाजिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित सभी सामाजिक प्रतिनिधियों ने समाज की एकजुटता को और मजबूत बनाने का संकल्प लेते हुए जिले के प्रत्येक गांव तक कार्यक्रम का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रमुख रूप से विजय खुसरो, लालसाय मिंज, शिव सांडिल्य, कृष्णनाथ टोप्पो, अनिल भारती, बीरबल आयम, रंजीत बड़ा, अलविश बड़ा, सुरेंद्र किंडो, अनिल खलखो, पारसनाथ आयम, सरजू लकड़ा, आलोक सिंह एवं रघुनाथ अगरिया सहित सर्व आदिवासी समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।




