बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शराब के नशे में हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने युवक के घर की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर उस पर ईंट और चाकू से प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी। रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।विशाल कश्यप ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त इन्द्रप्रकाश उर्फ गोलू के साथ ग्राम अकलतरी के नीम चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव के सुधीर सोनवानी और अमित उर्फ अनिश सोनवानी वहां पहुंचे और शराब के नशे में गाली-गलौज को लेकर विवाद करने लगे। दोनों युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद आरोपियों ने दोबारा रास्ते में रोककर विशाल पर लोहे की पाइप से हमला कर दिया तथा इन्द्रप्रकाश उर्फ गोलू का पीछा किया।
जान बचाने के लिए इन्द्रप्रकाश अपने घर में घुस गया, लेकिन आरोपी उसके घर की दीवार से छत पर चढ़ गए और ईंट व चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद विशाल की रिपोर्ट पर रतनपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुधीर सोनवानी (27 वर्ष) एवं अमित उर्फ अनिश सोनवानी (18 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम अकलतरी, थाना रतनपुर शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक संतोष पात्रे तथा आरक्षक पवन ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




